चूहक गांव की पेयजल समस्या का हुआ समाधान, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने 5000 लीटर क्षमता के भंडारण टैंक का किया लोकार्पण।

चूहक गांव की पेयजल समस्या का हुआ समाधान, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने 5000 लीटर क्षमता के भंडारण टैंक का किया लोकार्पण
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चबूतरा के अंतर्गत चूहक गांव में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने 5000 लीटर क्षमता के नव-निर्मित पेयजल भंडारण टैंक का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक के चूहक गांव पहुंचने पर जल शक्ति विभाग के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
लोकार्पण के उपरांत अपने संबोधन में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि चूहक गांव के लोगों को लंबे समय से पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। जब यह समस्या उनके समक्ष लाई गई थी, तब उन्होंने इसके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था। आज उसी वादे को पूरा करते हुए इस 5000 लीटर क्षमता के भंडारण टैंक को जनता को समर्पित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं और आगे भी जनहित के कार्य इसी प्रकार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
