HP WEATHER : प्रदेश में अब इस डेट से रफ्तार पकड़ेगा मानसून, विभाग ने जारी किया अलर्ट गर्मी से मिलेगी राहत

0

HP WEATHER : प्रदेश में अब इस डेट से रफ्तार पकड़ेगा मानसून, विभाग ने जारी किया अलर्ट गर्मी से मिलेगी राहत हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकडऩे की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिर तेज होंगी, जिससे अब तक बनी सात प्रतिशत बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है। जून के अंत तक जहां प्रदेश में सामान्य से 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज होने से सूखे जैसे हालात बनने लगे थे, वहीं जुलाई के दूसरे सप्ताह में हुई लगातार और भारी वर्षा ने पूरे मानसूनी परिदृश्य को बदल दिया। गत दस जुलाई को केवल 24 घंटे में सामान्य से 246 प्रतिशत अधिक बारिश ने बारिश के आंकड़ों में बड़ा सुधार किया और खेतों, बागानों, जलाशयों व प्राकृतिक जल स्रोतों को नई संजीवनी मिली। पहली जून से 14 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 188 एमएम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 203 एमएम होती है। यानी अब प्रदेश में बारिश का घाटा केवल सात प्रतिशत रह गया है। मौसम विभाग का मानना है कि यदि 18 जुलाई से शुरू होने वाले अगले दौर में अच्छी बारिश होती है, तो प्रदेश सामान्य वर्षा के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच सकता है। प्रदेश में 18 से 21 जुलाई तक कई जिलों में भारी से भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। अब प्रदेश की नजरें 18 जुलाई से लौट रही मानसून एक्सप्रेस पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि इस बार हिमाचल सामान्य मानसूनी बारिश के लक्ष्य तक पहुंच पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!