राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन में पहुंचे विधायक कैप्टन रणजीत सिंह।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने बतौर पूर्व छात्र भाग लिया। कार्यक्रम में पहुंचने पर विद्यालय प्रशासन एवं पूर्व छात्रों ने शाल और हिमाचली टोपी पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान के लिए अपने सहयोग से स्थापित करवाई गई पानी की मोटर का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
अपने संबोधन में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि जब भी वह अपने विद्यालय आते हैं तो पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि इसी विद्यालय ने उन्हें जीवन की दिशा दी और यहां के शिक्षकों, साथियों तथा क्षेत्रवासियों के सहयोग और आशीर्वाद से ही आज उन्हें जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से आग्रह किया कि विद्यालय के 1000 से 1500 पूर्व छात्रों की सूची तैयार की जाए। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में सभी पूर्व छात्रों का एक भव्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसका संपूर्ण खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।
पूर्व छात्रों ने कहा कि उनके लिए यह गर्व का विषय है कि इसी विद्यालय का एक छात्र आज विधायक के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने विधायक कैप्टन रणजीत सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वह सदैव क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहते हैं।
