सुजानपुर के विकास को नई गति, प्रेस वार्ता में विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां

सुजानपुर के विकास को नई गति, प्रेस वार्ता में विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां
सुजानपुर। आज सुजानपुर लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले एक वर्ष आठ माह के दौरान हुए विकास कार्यों, शहर के सौंदर्यीकरण, सड़क सुविधाओं तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विधायक ने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी तीखा पलटवार किया।
विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में उनके एक वर्ष आठ माह के कार्यकाल के दौरान अनेक विकास कार्यों को धरातल पर उतारा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के साथ-साथ शहर में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि बनंधार-टीब्बा सड़क, खोले बाली सड़क, ऊटपुर सड़क सहित कई अन्य सड़कों का निर्माण एवं सुधार कार्य करवाया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर शहर के विकास और ऐतिहासिक विरासत की सुंदरता को बनाए रखना भी उनकी प्राथमिकता है। शहर में विकास कार्य इस प्रकार करवाए जा रहे हैं कि सुजानपुर की ऐतिहासिक पहचान और खूबसूरती भी बरकरार रहे।
विधायक ने कहा कि सुजानपुर में कई बड़े विकास कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। इनमें बस अड्डे का निर्माण, विकास खंड कार्यालय का निर्माण तथा नोहली पुल का निर्माण कार्य प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सुजानपुर के विकास को नई गति मिलेगी।
ग्राउंड की घास काटने की मशीन के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
सुजानपुर ग्राउंड की घास काटने के लिए मशीन को लेकर भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को केवल बयानबाजी करने के बजाय जमीन पर आकर विकास कार्यों को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास केवल छोटी-छोटी बातों को मुद्दा बनाने से नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर काम करने से होता है। उन्होंने विपक्ष के नेताओं से कहा कि वे धरातल पर आकर देखें कि सुजानपुर में किस प्रकार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पर भी साधा निशाना
पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पर हमला बोलते हुए कैप्टन रंजीत सिंह ने कहा कि “सिर्फ सफेद टोपी लगाने से कुछ नहीं होगा, सफेद काम भी करना पड़ेगा।” उन्होंने कहा कि यदि पूर्व विधायक सफेद टोपी पहनकर दोबारा कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं तो उनका स्वागत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक केवल सुजानपुर ही नहीं, बल्कि पूरे हमीरपुर जिले के विरोधी हैं और आए दिन अपने ही जिले से मुख्यमंत्री बने नेता को कोसते रहते हैं। कैप्टन रंजीत सिंह ने कहा कि जिस जिले से मुख्यमंत्री बनता है, उस जिले और वहां की जनता के लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात होती है।
उन्होंने कहा कि हमें गर्व महसूस करना चाहिए कि एक आम परिवार से निकलकर हमारे जिले का व्यक्ति प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश और विशेष रूप से हमीरपुर जिले के विकास के लिए सकारात्मक सोच के साथ काम किया जाना चाहिए।
सचिवालय की लिफ्ट को एक सप्ताह में ठीक करवाने का आश्वासन
पत्रकारों द्वारा सुजानपुर सचिवालय की खराब लिफ्ट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने संबंधित समस्या को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर लिफ्ट को ठीक करवाने का समय दिया। उन्होंने कहा कि वह जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विधायक बने हैं और क्षेत्र की जनता के लिए हर समय उपलब्ध रहेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में आगे ले जाना है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सरकारी संस्थानों, शहर के सौंदर्यीकरण और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
