देहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 6.8 किलो चूरा पोस्त बरामद, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

देहरा, 18 जून। मुख्यमंत्री के “नशा मुक्त हिमाचल अभियान” के तहत पुलिस जिला देहरा द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना रक्कड़ ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ट्रक से 6 किलो 802 ग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद कर पंजाब के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रक्कड़ पुलिस की टीम ने नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक से 6.8 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। मौके पर ही ट्रक चालक और उसके साथी को हिरासत में ले लिया गया। दोनों आरोपी पंजाब के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक देहरा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे की खेप को पंजाब से हिमाचल में सप्लाई करने आए थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
डीएसपी रक्कड़ ने कहा कि “नशा मुक्त हिमाचल अभियान” के तहत जिले में लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। आम जनता से भी अपील है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
