33 केवी विद्युत उप-स्टेशन का किया वर्चुअल लोकार्पण 16 पंचायतों को मिलेगा बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ, वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान।

0

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दी सुजानपुर को बड़ी सौगात, 33 केवी विद्युत उप-स्टेशन का किया वर्चुअल लोकार्पण
16 पंचायतों को मिलेगा बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ, वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के उप-केंद्र पटलांदर (आंसला) के अंतर्गत नव निर्मित 33 केवी विद्युत उप-स्टेशन का लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री ने शिमला से वर्चुअल माध्यम के जरिए किया। कार्यक्रम में सुजानपुर के लोकप्रिय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय जनता ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल एवं हिमाचली टोपी पहनाकर विधायक का सम्मान किया।
अपने संबोधन में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि यह 33 केवी विद्युत उप-स्टेशन सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की 16 पंचायतों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है। लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने तथा बढ़ते विद्युत भार के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस उप-स्टेशन के शुरू होने से बिजली व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत, सुचारु और विश्वसनीय होगी तथा हजारों उपभोक्ताओं को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक उप-स्टेशन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का प्रतीक है। विधायक ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का समस्त सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा सुजानपुर के विकास को प्राथमिकता देते हैं और उनकी जनकल्याणकारी सोच के कारण क्षेत्र में लगातार विकास कार्य गति पकड़ रहे हैं।
इस दौरान विधायक ने पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले 33 केवी उप-स्टेशन को ऐसे स्थान पर बनाने की योजना बनाई गई थी, जहां इसका निर्माण संभव ही नहीं था। उन्होंने कहा कि उस समय विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। यदि समय रहते उन्होंने लगातार प्रयास न किए होते तो आज यह परियोजना धरातल पर नहीं उतर पाती। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग, उनके निरंतर प्रयासों और मुख्यमंत्री के सकारात्मक निर्णयों का ही परिणाम है कि आज यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र को समर्पित हो सकी है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी इच्छा स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस उप-स्टेशन का लोकार्पण करने की थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे नहीं आ सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो, इसलिए वे शिमला से ही विभिन्न परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विधायक कैप्टन रणजीत सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को गंभीरता से सरकार के समक्ष रखते हैं तथा जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रवासियों से संवाद भी किया तथा कहा कि क्षेत्र की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें विधायक के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाए, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इसके उपरांत विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर नव निर्मित 33 केवी विद्युत उप-स्टेशन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ , , डिप्टी चीफ व्हिप सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर उपायुक्त गंधर्वा राठौर, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह, बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजिंदर वर्मा, क्षेत्र के प्रधान, उपप्रधान, महिला मंडलों की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!